
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा द्वारा कांग्रेस के बार-बार पुतला दहन किए जाने पर महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह रवैया उसकी खीज और सच्चाई से भागने की मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा सच को दबा नहीं सकती और जनता अब सब समझ चुकी है।
अलका पाल ने कहा कि सरकार के बयानों में न्याय देने की मंशा नहीं, बल्कि जवाबदेही से बचने का नजरिया साफ झलकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग करने वालों को दिल्ली में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है। यह कदम जन आक्रोश को शांत करने के बजाय उसमें घी डालने जैसा है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने मुख्यमंत्री के उस बयान को भी हास्यपद बताया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह अंकिता के माता-पिता से पूछकर वही निर्णय लेंगे जो वे कहेंगे। अलका पाल ने कहा कि यह बयान न केवल संविधान, बल्कि कानून की प्रक्रिया का भी अपमान है। किसी भी हत्या की जांच माता-पिता के आदेश से नहीं, बल्कि कानून और न्यायिक प्रक्रिया के तहत होती है।
उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता लंबे समय से न्याय की गुहार लगा रहे हैं, जबकि भाजपा उनके समर्थन में आवाज उठाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने की बात कर रही है। यह भाजपा का दोहरा चरित्र है, जिसे उत्तराखंड की जनता भली-भांति समझ चुकी है।
अलका पाल ने दो टूक कहा कि सत्य को दबाया नहीं जा सकता और न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।
