
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर।36वें सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को कोतवाली काशीपुर, यातायात पुलिस काशीपुर एवं सीपीयू काशीपुर के संयुक्त तत्वावधान में काशीपुर शहर में एक भव्य यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली कोतवाली परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर “यातायात नियमों का पालन करें”, “हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं”, “तेज गति जानलेवा है” जैसे संदेशों के माध्यम से आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

रैली के दौरान वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नशे में वाहन न चलाने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई। पुलिस कर्मियों ने यह भी बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक स्वयं जिम्मेदारी से यातायात नियमों का पालन करे।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।
रैली में पुलिस अधिकारी, यातायात पुलिस, सीपीयू के जवानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी सहभागिता की।
