आम बजट युवाओं, किसानों और मध्यम वर्ग के साथ धोखा : अनुपम शर्मा

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर।केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट को लेकर कांग्रेस एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनुपम शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के युवाओं, किसानों, मध्यम वर्ग और आम नागरिकों की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेरने वाला है।
अनुपम शर्मा ने कहा कि सरकार ने एक बार फिर बड़े-बड़े उद्योगपतियों को राहत देकर आम जनता के साथ छल किया है। बजट में युवाओं के भविष्य को लेकर तस्वीर बेहद निराशाजनक है। न तो रोजगार सृजन के लिए कोई ठोस योजना है और न ही शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को कोई राहत दी गई है। आज देश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है, लेकिन सरकार केवल आंकड़ों का खेल खेल रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है। डॉलर के मुकाबले रुपये की लगातार गिरती कीमत, बेकाबू महंगाई, पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम और सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतें आम आदमी की कमर तोड़ रही हैं, लेकिन बजट में महंगाई पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस उपाय नजर नहीं आते।
अनुपम शर्मा ने कहा कि मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों और किसानों को इस बजट से राहत की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें केवल निराशा हाथ लगी है। किसान आज भी लागत और कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है, जबकि बजट में उनकी आय बढ़ाने को लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है।
उन्होंने बजट को जनविरोधी, युवा-विरोधी और गरीब-विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बजट का पुरजोर विरोध करती है और सड़कों से लेकर संसद तक आम जनता की आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे बजट की जरूरत थी जो रोजगार दे, महंगाई से राहत दे और अर्थव्यवस्था को मजबूत करे, लेकिन दुर्भाग्यवश यह बजट सरकार की विफलताओं को छुपाने का दस्तावेज बनकर रह गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!