31.63 करोड़ की लागत से स्वर्ग सरीखा बनेगा काशीपुर का गिरीताल, मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में महापौर दीपक बाली का ड्रीम प्रोजेक्ट

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। प्रदेश के यशस्वी युवा हृदय सम्राट एवं विकास की दूरदर्शी सोच रखने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर मार्गदर्शन और अभूतपूर्व सहयोग से अब काशीपुर का ऐतिहासिक गिरीताल ऐसा भव्य स्वरूप लेने जा रहा है, जिसकी कल्पना शायद शहरवासियों ने भी नहीं की होगी।
करीब 31 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से बनने वाला गिरीताल भविष्य में किसी पर्यटन स्थल या विदेशी लोकेशन से कम नहीं दिखेगा।
गिरीताल के सौंदर्यीकरण की ड्राइंग और प्रेजेंटेशन सामने आते ही न सिर्फ आर्किटेक्ट और विशेषज्ञ बल्कि आम नागरिक भी दंग रह गए। प्रेजेंटेशन देखने के बाद शहर में चर्चा का विषय बन गया कि वास्तव में महापौर दीपक बाली काशीपुर की काया पलट करने में पूरी निष्ठा से जुटे हैं।
पूर्व में गिरीताल के सौंदर्यीकरण हेतु मात्र 4.50 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे, लेकिन उस राशि में अपेक्षित विकास संभव नहीं था। इस पर महापौर दीपक बाली के विशेष अनुरोध पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहमति देते हुए स्पष्ट कहा कि “जितना भी खर्च आए, गिरीताल को आधुनिक और शानदार स्वरूप दिया जाए।” इसी के चलते गिरीताल की डीपीआर बढ़कर अब 31 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है।
परियोजना के तहत गिरीताल को 8 जोन में विकसित किया जाएगा, जिनमें—
विशाल पार्किंग एरिया
आकर्षक वॉटर फाउंटेन
जॉगिंग ट्रैक एवं साइकिलिंग ट्रैक
थिएटर, झील और जंगल ट्रैक
आधुनिक लाइब्रेरी
इको-टूरिज्म सुविधा
जिम, योगा सेंटर
किड्स प्ले जोन, रेस्टोरेन्ट व प्राईवेट विलाज

यहां आने वाले लोगों को ऐसा अनुभव होगा मानो वे किसी विदेशी पर्यटन स्थल पर पहुंचे हों। साथ ही, गिरीताल की पौराणिकता और मंदिरों की ऐतिहासिक आभा को भी यथावत सुरक्षित रखा जाएगा।
हिंदी प्रेम सभा से सहयोग की अपील
महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें काशीपुर के विकास के लिए लगातार मुख्यमंत्री का आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए हिंदी प्रेम सभा से अनुरोध किया कि वह अपने अधिकार क्षेत्र वाले हिस्से को गिरीताल सौंदर्यीकरण में शामिल करने हेतु सहमति प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि हिंदी प्रेम सभा वर्षों से इस क्षेत्र का संरक्षण करती आ रही है, इसके लिए वह बधाई की पात्र है और उसका नाम गिरीताल परिसर में अंकित किया जाएगा।

5 वेंडिंग जोन, 250 दुकानें
प्रेजेंटेशन में बताया गया कि सीतापुर अस्पताल के पास, गिरीताल रोड, हीरो होंडा शोरूम के समीप, दुर्गा कॉलोनी क्षेत्र सहित 5 वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे।
इन वेंडिंग जोन में करीब 250 दुकानें होंगी, जिन पर लगभग 7 करोड़ 14 लाख रुपये खर्च होंगे।
महापौर ने बताया कि यह पहल ठेले-फड़ वालों को उत्पीड़न से बचाने, उनके रोजगार और सम्मान की रक्षा के उद्देश्य से की जा रही है। भविष्य में 5 और वेंडिंग जोन बनाने की योजना भी है।

देश का दूसरा शहर, जहां रात 3 बजे तक सफाई
महापौर ने बताया कि काशीपुर शहर से करीब एक किलोमीटर बाहर 10 करोड़ रुपये की लागत से डॉग शेल्टर हाउस बनाया जा रहा है, जो भारत का पहला अत्याधुनिक सेंटर होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पांडिचेरी के बाद काशीपुर देश का दूसरा शहर बन गया है, जहां रात 3 बजे तक सफाई व्यवस्था संचालित होती है, जिसमें जनता के सहयोग की अपेक्षा है।
प्रेजेंटेशन को मिली सर्वसम्मत सराहना
कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने प्रेजेंटेशन की खुलकर प्रशंसा की। विधायक चीमा ने कहा—
“अब सच में लग रहा है कि मेरा काशीपुर बदल रहा है।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, विभागीय अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने करतल ध्वनि के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना की सराहना की।
कार्यक्रम में आर्किटेक्ट संस्कृति गुप्ता सक्सेना, इंजीनियर सारांश सक्सेना, अनुराग सिंह, मुक्ता सिंह, शशांक सिंह सभी व सभी वार्डो के पार्षद और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!