
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर।अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। प्रदेश भर में कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों के जवाब में अब भारतीय जनता पार्टी भी खुलकर मैदान में उतर आई है। इसी क्रम में गुरुवार को काशीपुर में भाजपा नगर मंडल की ओर से कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया गया।
भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र हुए, जहां उन्होंने “कांग्रेस पार्टी शर्म करो” के नारे लगाते हुए कांग्रेस का पुतला फूंका। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर मृतका अंकिता भंडारी के नाम पर ओछी और घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि उर्मिला सनावर की कथित ऑडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस लगातार इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक लाभ के लिए भुनाने का प्रयास कर रही है, जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाई जा चुकी है और आरोपी आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे हैं, इसके बावजूद कांग्रेस भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है।

वरिष्ठ भाजपा नेता आशीष गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक बेटी के साथ हुई दर्दनाक घटना पर राजनीति करना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इस मामले में निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की है, लेकिन कांग्रेस तथ्यहीन आरोप लगाकर प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा महानगर मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह मानस, उपाध्यक्ष श्याम मोहन, महामंत्री वैभव गुप्ता, कोषाध्यक्ष धीरज वर्मा, मीडिया प्रभारी भागीरथ शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कांग्रेस की राजनीति का विरोध करते हुए कहा कि भाजपा मृतका को न्याय दिलाने के पक्ष में है और किसी भी तरह की राजनीतिक साजिश को सफल नहीं होने देगी।
