किसान आत्महत्या मामला: महापौर दीपक बाली ने पीड़ित परिवार की सीएम धामी से कराई सीधी बात, दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर।ग्राम पैगा निवासी किसान सुखवंत सिंह द्वारा जमीन से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और लगातार उत्पीड़न से आहत होकर गोली मारकर आत्महत्या किए जाने के मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। घटना के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को काशीपुर के महापौर दीपक बाली मृतक किसान के आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
महापौर दीपक बाली ने इस दौरान परिजनों की फोन पर सीधे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कराई। मुख्यमंत्री धामी ने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए जा चुके हैं, जिसकी जिम्मेदारी कुमाऊं कमिश्नर को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि डीजीपी, होम सेक्रेटरी सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी पूरे प्रकरण की लगातार निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी सजा दी जाएगी।
परिजनों ने मुख्यमंत्री से केवल न्याय की मांग करते हुए कहा कि उन्हें सरकार पर पूरा भरोसा है। मुख्यमंत्री ने परिवार को हरसंभव सहायता देने, सुरक्षा उपलब्ध कराने और बच्चों के भविष्य का ध्यान रखने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
उल्लेखनीय है कि घटना के समय महापौर दीपक बाली काशीपुर से बाहर थे, लेकिन जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वे लगातार मुख्यमंत्री के संपर्क में रहे ताकि पीड़ित परिवार को तत्काल न्याय मिल सके। देर रात काशीपुर पहुंचने के बाद सुबह होते ही वे सीधे पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे।

महापौर दीपक बाली ने स्पष्ट कहा कि काशीपुर में माफियाओं और गुंडों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहले ही लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। चौकी स्तर पर निलंबन और लाइन हाजिर की कार्रवाई की गई है। साथ ही जमीन और पैसों से जुड़ी धोखाधड़ी की जांच के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में “दूध का दूध और पानी का पानी” किया जाएगा।
परिजनों की सुरक्षा को लेकर महापौर ने एएसपी और सीओ को तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिस पर तुरंत अमल करते हुए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।
अंत में परिजनों ने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन पर विश्वास जताते हुए कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि उन्हें न्याय मिलेगा। महापौर दीपक बाली ने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि रिपोर्ट में नामजद 26 आरोपियों के अलावा यदि कोई भी व्यक्ति पर्दे के पीछे से दोषी पाया गया, तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।
इस अवसर पर महापौर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्रवाई में तेजी लाने को लेकर गहन चर्चा की।
इस दौरान उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी स्वतंत्र किशोर, सीओ दीपक कुमार, तहसीलदार पंकज चंदोला, भारतीय किसान यूनियन युवा विंग के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जीतू, मुकेश चावला, पार्षद संदीप मोनू, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष जगजीत सिंह हैप्पी, जसपाल सिंह जस्सी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!