शीतलहर के चलते 15 से 17 जनवरी तक ऊधमसिंह नगर में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर/ऊधमसिंह नगर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जनपद ऊधमसिंह नगर में 15, 16 एवं 17 जनवरी 2026 को भीषण शीतलहर (कोल्ड वेव) की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊधमसिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के सभी विद्यार्थियों के लिए दिनांक 15, 16 एवं 17 जनवरी 2026 को तीन दिवसीय शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के वे छात्र-छात्राएं जो CBSE, ICSE, उत्तराखंड बोर्ड अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले हैं, उनकी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को दृष्टिगत रखते हुए यदि विद्यालय द्वारा अध्ययन, प्रायोगिक अथवा प्री-बोर्ड परीक्षा से संबंधित कोई शैक्षणिक गतिविधि आयोजित की जाती है, तो उसके लिए विद्यालय को मुख्य शिक्षा अधिकारी, ऊधमसिंह नगर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

जिला प्रशासन ने समस्त तहसीलों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। यदि कोई विद्यालय उक्त आदेश की अवहेलना करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे शीतलहर के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न भेजें और उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। जिला सूचना अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि इस आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार दैनिक समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से सुनिश्चित किया जाए।
यह आदेश 14 जनवरी 2026 को जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!