1जनवरी को महिला पतंजलि योग समिति द्वारा 108 कुण्डीय महायज्ञ काआयोजन, तैयारियां शुरू

@नवल ख़बर ब्यूरो

काशीपुर। महिला पतंजलि योग समिति काशीपुर आगामी 1 जनवरी 2026, बृहस्पतिवार को शिवालिक होली माउंट एकेडमी, नीझड़ा के मैदान में 108 कुण्डीय विशाल महायज्ञ का आयोजन करने जा रही है। इस संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता में समिति की ओर से कमला रिखाड़ी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महिला पतंजलि योग समिति पिछले 15–16 वर्षों से निष्काम सेवा भाव के साथ योग का प्रचार-प्रसार कर रही है। समिति की योग शिक्षिकाएं गांव-गांव और घर-घर तक निःशुल्क योग सिखाकर हजारों लोगों के जीवन में स्वास्थ्य जागरूकता का संचार कर चुकी हैं। इसी सामाजिक एवं सांस्कृतिक सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए समिति द्वारा शारदीय नवरात्रि के अवसर पर 108 अखंड सुंदरकांड पाठ की शुरुआत की गई थी, जिसका उद्देश्य समाज में जाति, वर्ग और क्षेत्रीय भेदभाव को समाप्त कर एकता का संदेश देना रहा।

कमला रिखाड़ी ने बताया कि यह सुंदरकांड पाठ घरेलू कामगारों से लेकर उद्योगपतियों के घरों तक निःशुल्क कराया गया। केवल भगवान का दरबार सजाकर पाठ प्रारंभ किया जाता रहा, ताकि हर महिला सनातन संस्कृति और योग से जुड़ सके। यह पाठ काशीपुर के साथ ही जसपुर, ठाकुरद्वारा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी संपन्न हुआ, जिसकी पूर्णाहुति अब इस 108 कुण्डीय महायज्ञ के माध्यम से होगी।

उन्होंने बताया कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि पंचतत्वों की शुद्धि, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा। औद्योगिक शहर होने के कारण काशीपुर में प्रदूषण की समस्या को देखते हुए यज्ञ में 108 किलो शुद्ध देसी घी और लगभग 200 किलो हवन सामग्री से आहुतियां दी जाएंगी, जिससे वातावरण शुद्धिकरण का संदेश समाज तक पहुंचे।

इस महायज्ञ की विशेषता यह होगी कि इसमें महिलाओं की ऐतिहासिक भागीदारी रहेगी। नजीबाबाद गुरुकुल से आचार्य डॉ. प्रेमवदा जी यज्ञ ब्रह्मा के रूप में 11 ब्रह्मवादिनी बहनों के साथ पधारेंगी और चारों वेदों के लगभग 500 मंत्रों के उच्चारण से यज्ञ संपन्न कराएंगी। आयोजकों के अनुसार, उत्तराखंड में यह पहला अवसर होगा जब इतने बड़े स्तर पर महिलाओं के नेतृत्व में 108 कुण्डीय महायজ্ঞ आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत सुबह 9 बजे से 108वां सुंदरकांड पाठ, 10 बजे से महायज्ञ का शुभारंभ और दोपहर 1 बजे से प्रसाद वितरण एवं भंडारे की व्यवस्था रहेगी। आयोजन में करीब एक हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिनमें अल्मोड़ा, बाजपुर, जसपुर सहित दूरदराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचेंगे।
समिति ने बताया कि इस आयोजन में शिवालिक होली माउंट एकेडमी के प्रबंध निदेशक बसंत बल्लभ भट्ट और कविंद्र डशीला का विशेष सहयोग मिल रहा है, जिनके सहयोग से विशाल यज्ञशाला और पंडाल का निर्माण पिछले कई दिनों से जारी है।
महिला पतंजलि योग समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नववर्ष की शुरुआत महायज्ञ में आहुति देकर करें और “स्वस्थ काशीपुर, संस्कारवान काशीपुर” के संकल्प को साकार बनाने में सहभागी बनें। साथ ही मीडिया से भी इस आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!