काशीपुर: नशा विरोधी अभियान में आईटीआई पुलिस की बड़ी सफलता,40 लाख की नशीली दवाएं बरामद


@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कोतवाली आईटीआई पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने बाजपुर रोड स्थित दड़ियाल फ्लाईओवर के पास नेशनल हाईवे किनारे पुल के नीचे छिपाकर रखी गई लाखों की संख्या में नशीले इंजेक्शन, कैप्सूल और टैबलेट का विशाल जखीरा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के दिशा-निर्देशन में प्रभारी कोतवाली आईटीआई उप निरीक्षक कुंदन सिंह रौतेला के नेतृत्व में पुलिस एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार की मौजूदगी में मुखबिर की सूचना पर दड़ियाल फ्लाईओवर के पास छापा मारा गया।

तलाशी के दौरान प्लास्टिक की काली पन्नी के नीचे छिपाकर रखी गई 17 गत्ते की पेटियां बरामद की गईं। इनमें NRx Buprenorphine Injection के 12,250 इंजेक्शन, Spasmo Capsules के 49,920 कैप्सूल, SPASMORE Capsules के 64,560 कैप्सूल, PROXIOHM-SPAS Capsules के 51,360 कैप्सूल तथा OHMS ALPHA 0.5 Tablets की 1,74,000 गोलियां शामिल हैं।
बरामदगी के आधार पर थाना आईटीआई में मु.अ.सं. 323/20 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए गहन जांच जारी है, जबकि बरामद माल को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में शामिल रहे
प्रभारी कोतवाली आईटीआई कुंदन सिंह रौतेला, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला, उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार, उप निरीक्षक प्रकाश सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल शेखर बनकोटी, कांस्टेबल दीपक प्रसाद, कांस्टेबल दिनेश तिवारी एवं कांस्टेबल दीपक जोशी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!