
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। नगर निगम काशीपुर द्वारा नववर्ष के अवसर पर “SUSTAINABLE 2026 PLEDGE (शपथ कार्यक्रम)” के अंतर्गत नगर निगम परिसर में एक विशेष पर्यावरण एवं स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 11:30 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर शहरवासियों से अपील की गई कि आज संकल्प लें हम, 2026 को स्वच्छ बनाएं। धरती, पानी और हवा की रक्षा करें”। सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल ने उपस्थित पर्यावरण मित्रों को शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने स्वच्छता बनाए रखने, प्रदूषण कम करने, संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा आम नागरिकों को लगातार जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में नगर निगम कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, नगर निगम कर्मचारी, पर्यावरण मित्र एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नववर्ष की शुभकामनाओं के साथ आयोजित यह कार्यक्रम स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 एवं LiFE (Lifestyle for Environment) अभियान की भावना को आगे बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर नगर निगम काशीपुर ने सभी नगरवासियों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवकों से शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
