एक ही मकसद, एक ही प्रयास – काशीपुर का सर्वांगीण विकास, इंदौर-भोपाल से भी बेहतर होंगी सुविधायें – महापौर दीपक बाली


@ नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। नगर निगम सभागार में आज महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में यूजर चार्ज कलेक्शन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट सहित नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान महापौर ने नगर की जनता से अपील की कि शहर की बेहतरीन सफाई व्यवस्था के लिए यूजर चार्ज समय पर जमा करें।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि आने वाले दो महीनों में काशीपुर को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए ऐसी व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी, जो इंदौर और भोपाल जैसे स्वच्छता में अग्रणी शहरों में भी नहीं हैं। उन्होंने बताया कि 3 फुट चौड़ी गलियों तक सफाई वाहन पहुंचाने के लिए नए प्रकार की विशेष गाड़ियों का चयन किया गया है।

बैठक में कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा ने यूजर चार्ज कलेक्शन को प्रभावी बनाने के लिए कई सुझाव रखे। उन्होंने कलेक्शन करने वालों का लक्ष्य तय करने, साप्ताहिक रिपोर्ट लेने, कम वसूली वाले वार्डों में जनसंपर्क बढ़ाने, बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत करने और बकाया न देने वालों पर कार्रवाई की बात कही। साथ ही यूजर चार्ज देने वालों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने और कर्मचारियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण देने का सुझाव भी दिया।

महापौर ने सभी सुझावों को गंभीरता से स्वीकार करते हुए कहा कि यूजर चार्ज वसूली में लगी स्वयं सहायता समूह की महिला कर्मचारियों की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी वे स्वयं लेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूजर चार्ज न देने वालों से किसी प्रकार का विवाद नहीं किया जाए, केवल उनकी रिपोर्ट तैयार की जाए। महिला कर्मचारियों से विनम्र व्यवहार बनाए रखने का आह्वान करते हुए महापौर ने उनका कमीशन बढ़ाने की भी घोषणा की।

महापौर दीपक बाली ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जिन वार्डों में 100 प्रतिशत यूजर चार्ज वसूली होगी, वहां स्वयं सहायता समूह की महिला कर्मचारियों को बिना किराए के दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। इसके अलावा जिन वार्डों में कोई भी कूड़ा प्वाइंट नहीं बचेगा, वहां एक करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग पहचानने के लिए एक स्पष्ट स्क्रिप्ट तैयार की जाएगी, ताकि जनता को सही जानकारी मिल सके। मास्टर प्लान के माध्यम से शहर की सफाई व्यवस्था के लिए आवश्यक संसाधनों का आकलन भी किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, जितेंद्र देवांतक, मोहम्मद फरीद, तनवीर, प्रधानमंत्री विकास योजना से जुड़े कर्मचारी भाव्य पांडे, लेखाकार शिवेंद्र खानायत, स्वयं सहायता समूह की महिला कर्मचारी, नगर निगम के कर्मचारी तथा पार्षद पुष्कर बिष्ट, राशिद फारुकी, सलीम, बीना नेगी, सीमा सागर, संदीप, मोनू, तबस्सुम, गुंजन प्रजापति, कुलदीप शर्मा, अनूप प्रताप, मोनिष, रवि प्रजापति, शरीफ अहमद, दीपा पाठक, अरशद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महापौर की सोच और नेतृत्व में काशीपुर विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। महापौर ने भी नगर आयुक्त, अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और नगर की जनता से यूजर चार्ज देकर स्वच्छ और सुंदर काशीपुर के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!