काशीपुर में किसान की आत्महत्या पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, निष्पक्ष जांच की मांग

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। काठगोदाम थाना क्षेत्र के एक निजी होटल में काशीपुर निवासी किसान सुखवंत सिंह द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना को कांग्रेस कमेटी की महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने अत्यंत दुखद, हृदय विदारक और चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला सुनियोजित ठगी और गंभीर प्रशासनिक लापरवाही से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है।
अलका पाल ने कहा कि आत्महत्या से पूर्व सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में किसान सुखवंत सिंह द्वारा लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। वीडियो में जमीन के नाम पर लगभग चार करोड़ रुपये की ठगी किए जाने की बात सामने आई है, जो न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि यदि पीड़ित किसान द्वारा पूर्व में शिकायत की गई थी, तो समय रहते उस पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि एक किसान का इस कदर मानसिक रूप से टूट जाना और आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाना पूरे सिस्टम की विफलता को दर्शाता है।
अलका पाल ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं है, बल्कि हमारी न्याय व्यवस्था की भी कड़ी परीक्षा है। यदि समय पर कार्रवाई होती तो शायद आज एक किसान की जान बचाई जा सकती थी।
उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और शीघ्र जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिले। कांग्रेस नेत्री ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और जांच में शासन-प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना ही चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!