
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानन्द की जयंती के उपलक्ष्य में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवियों एवं प्राध्यापकों ने उनके विचारों और आदर्शों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में स्वयंसेवी नेहा चौहान ने स्वामी विवेकानन्द के विचारों एवं उनके जीवन उद्देश्य को विस्तार से प्रस्तुत किया। वहीं स्वयंसेवी दुर्गा ने स्वामी विवेकानन्द जयंती पर कविता पाठ कर उपस्थित जनों को प्रेरित किया। आरती शर्मा ने स्वामी विवेकानन्द के सिद्धांत वाक्यों पर प्रकाश डालते हुए उनके संदेशों की प्रासंगिकता को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. कीर्ति पन्त ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानन्द के विचारों एवं आदर्शों से प्रेरित करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर, सकारात्मक सोच वाले और समाज निर्माण की दिशा में अग्रसर बन सकें।
इस कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना सिंह, डॉ. गीता मेहरा, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मंगला, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. रंजना, श्रीमती प्राची धौलाखण्डी, श्रीमती शीतल अरोरा एवं सृष्टि सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
