
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में नगर निगम काशीपुर द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महापौर दीपक बाली के मार्गदर्शन में नगर निगम की ओर से स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत दिल्ली से आई लोक कलाकारों की टीम ने शहर के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

नगर निगम के स्वच्छता जागरूकता अभियान “गली-गली में गूंजे, स्वच्छता का नारा” के तहत यह कार्यक्रम 17 से 26 जनवरी तक संचालित किया जाएगा। अभियान की शुरुआत नगर निगम सभागार में की गई, जहाँ कलाकारों की टीम ने महापौर दीपक बाली, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल साह, डॉ. अमरजीत सिंह साहनी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा एवं सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट के समक्ष नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया।

इसके पश्चात लोक कलाकारों की टीम ने महाराणा प्रताप चौक, टांडा तिराहा एवं रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचकर भावनात्मक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को गीले और सूखे कूड़े के पृथक्करण तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष, पार्षद पिता कैलाश चंद्र प्रजापति एडवोकेट, , स्वयं सहायता समूह से रेनू नौटियाल, फेमीदा, दीपा अरोड़ा, बबीता पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि कलाकारों की यह टीम पूरे शहर के प्रत्येक वार्ड में जाकर स्वच्छता का संदेश देगी। साथ ही शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भी नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों तक स्वच्छता का संदेश पहुंच सके।
अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करना है। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नाट्य प्रस्तुति, संगीत और नृत्य द्वारा स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है।
नगर निगम काशीपुर ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और जहाँ भी यह नुक्कड़ नाटक आयोजित हो, वहाँ रुककर इसे देखें, समझें और स्वच्छ काशीपुर के निर्माण में अपना योगदान दें।
