भाजपा सरकार पर अनुपम शर्मा का तीखा प्रहार, विकास के नाम पर खोखले वादों का आरोप

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर।कांग्रेस एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अनुपम शर्मा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर केवल खोखली घोषणाओं की बौछार की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन-सी ठोस विकास नीति धामी सरकार ने लागू की है, जिसके लिए प्रदेशवासी सरकार का आभार व्यक्त करें।
अनुपम शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं, नौजवान रोजगार के अभाव में पलायन कर रहे हैं और महिलाएं महंगाई के बोझ तले घरेलू बजट संभालने में असमर्थ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षित युवा आज सरकारी मशीनरी में व्याप्त भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से त्रस्त हैं। प्रदेश का हर वर्ग किसी न किसी समस्या से जूझ रहा है, जिससे जनता का सरकार से मोहभंग लगातार बढ़ता जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा जनता को जाति-पाति और ऊंच-नीच के नाम पर बरगलाकर वोट बैंक की राजनीति कर रही है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा यह स्पष्ट करे कि प्रदेश के युवाओं के लिए ऐसी कौन-सी प्रभावी योजना चलाई जा रही है, जिससे आज का युवा वास्तविक रूप से लाभान्वित हो रहा हो।
उन्होंने किसानों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि भूमाफियाओं और नौकरशाही के दबाव के चलते किसान खुद को बेबस और हताश महसूस कर रहे हैं, जिससे आत्महत्या जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। अनुपम शर्मा ने यह भी दावा किया कि धामी सरकार की गलत नीतियों के कारण अब स्वयं भाजपा के कार्यकर्ता भी विरोध दर्ज करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा समाज के हर वर्ग के विकास के लिए कार्य किया है और महंगाई व भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। अनुपम शर्मा ने विश्वास जताया कि जनता अब भाजपा सरकार की नीतियों से निराश हो चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस के साथ जुड़कर प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!