
काशीपुर।नगर को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम काशीपुर द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित नुक्कड़ नाटकों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। दूसरे दिन भी लोक कलाकारों की मंडली ने नगर के विभिन्न वार्डों में घूम-घूमकर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। जिस-जिस क्षेत्र में यह कलाकार पहुंचे, वहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर नाटक के माध्यम से दिए जा रहे संदेश को ध्यानपूर्वक सुनते नजर आए।

लोक कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से लोगों को सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग रखने, पॉलीथिन व प्लास्टिक का प्रयोग न करने, कूड़ा केवल कूड़ा गाड़ी में ही डालने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। कलाकारों ने मार्मिक ढंग से यह भी समझाया कि जब तक आम नागरिक स्वयं जागरूक होकर नगर निगम को सहयोग नहीं करेंगे, तब तक केवल प्रशासनिक प्रयासों से काशीपुर को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता।

अभियान के तहत दिन निकलते ही लोक कलाकारों की टीम वार्ड संख्या एक में पहुंची, जहां पार्षद बीना नेगी, सहायक नगर आयुक्त विनोद शाह, स्वास्थ्य एवं सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, महापौर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह, पार्षद मयंक मेहता सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नुक्कड़ नाटक को उत्साहपूर्वक देखा और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद वार्ड संख्या दो में सोनू की दुकान के पास नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जहां पार्षद संजय शर्मा सहित स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। वहीं वार्ड संख्या 35 में स्टेडियम मोड़, वार्ड संख्या 34 में शिवनगर कॉलोनी तथा वार्ड संख्या 33 में मंडी के पास ट्रांसफार्मर के नजदीक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इन सभी स्थानों पर नुक्कड़ नाटक देखने वालों की भारी भीड़ देखने को मिली।
नगर निगम के इस अभियान में वार्ड पार्षदों की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही, जिन्होंने अपने-अपने वार्डों में नुक्कड़ नाटकों के आयोजन में सहयोग किया। नगर निगम अधिकारियों ने आशा जताई कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से जनता की सहभागिता बढ़ेगी और काशीपुर को स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर बनाने का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
