
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर।नगर की जनसमस्याओं और किसान हितों को लेकर सोमवार को महापौर दीपक बाली को दो अलग-अलग वर्गों द्वारा ज्ञापन सौंपे गए। एक ओर आवास विकास क्षेत्र के नागरिकों ने कोयला व सीमेंट रैक से फैल रहे प्रदूषण की शिकायत की, वहीं दूसरी ओर 18 ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने धान की फसल बोने की अनुमति दिए जाने की मांग रखी।

वार्ड संख्या 17 के पार्षद पुष्कर बिष्ट के नेतृत्व में आवास विकास क्षेत्र के दर्जनों स्त्री-पुरुष नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने महापौर को सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि काशीपुर रेलवे स्टेशन पर कोयला एवं सीमेंट की रैक उतारे जाने के दौरान तथा उसके बाद ठुलान प्रक्रिया से क्षेत्र में भारी वायु प्रदूषण फैलता है। कोयले व सीमेंट की धूल घरों में जम जाती है, जिससे लोगों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्र में कई विद्यालय भी स्थित हैं, जहां बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

महापौर दीपक बाली ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रैक उतारे जाने के समय वे स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही संबंधित ज्ञापन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रशासनिक अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया है। ज्ञापन देने वालों में डॉक्टर डी.बी. सिंह, हेमंत भट्ट, प्रमोद कुमार पाल, पूनम गुप्ता, निर्मला माया, सीमा, पूजा शर्मा, सोनाली भट्ट सहित अनेक नागरिक शामिल रहे।

वहीं दूसरी ओर 18 ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में आए दर्जनों किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मार्च माह में धान की फसल बोने की स्वीकृति देने का अनुरोध किया। किसानों ने बताया कि इस वर्ष अधिक बारिश के कारण उन्हें भारी नुकसान हुआ है, विशेषकर उन किसानों को जो बटाई पर खेती करते हैं। किसानों ने भरोसा दिलाया कि वे अप्रैल माह में बोई जाने वाली धान की फसल नहीं लगाएंगे, क्योंकि वैज्ञानिकों के अनुसार उससे जल दोहन अधिक होता है।
महापौर दीपक बाली ने किसानों के ज्ञापन को भी मुख्यमंत्री को प्रेषित करते हुए आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस विषय पर मौखिक रूप से भी चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि किसान हितैषी मुख्यमंत्री किसानों को निराश नहीं करेंगे।
ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान इकरा हसन, कमलजीत कौर, हरमन, देवेंद्र सिंह, पिंकी, अमृत विर्क, जसपाल सिंह जस्सी, शेर सिंह, गगनदीप सिंह, शेखर, सतीश कुमार, हरजिंदर सिंह, मनोज, गुरु सेवक सिंह, बबलू चौधरी, बलबीर सिंह, गगन विर्क, सोनू बाजवा, हरजीत सिंह, भास्कर मिश्रा, देवेंद्र सिंह ग्रेवाल, प्रभु शरण सिंह, सुखविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
