
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर।श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (SIMT), काशीपुर के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्रों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का नाम रोशन किया है। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM), काशीपुर द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित पैन-इंडिया एचआर केस स्टडी प्रतियोगिता “प्रज्ञ्यान 10.0” में SIMT की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
यह प्रतियोगिता आईआईएम काशीपुर के फ्लैगशिप फेस्ट “अग्नित्रय 12.0” के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसमें देशभर के प्रमुख प्रबंधन संस्थानों की चयनित टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता तीन चरणों में संपन्न हुई।

प्रथम चरण में ऑनलाइन क्विज आयोजित की गई, जिसमें चयनित टीमों ने अगले चरण में प्रवेश किया। द्वितीय चरण में प्रतिभागियों को एक एचआर केस स्टडी दी गई, जिसका समाधान पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
दोनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के पश्चात SIMT की टीम ने तृतीय एवं अंतिम चरण में आईआईएम काशीपुर परिसर में प्रतिभाग किया। अंतिम चरण में देशभर की कुल 8 शीर्ष टीमों के बीच हुए कड़े मुकाबले में SIMT की टीम ने बेहतरीन विश्लेषण, प्रभावशाली प्रस्तुति कौशल एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण का परिचय देते हुए निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और प्रथम स्थान अपने नाम किया।

विजेता टीम में रामनदीप कौर, शशांक गोयल एवं मयंक देवरानी शामिल रहे। टीम की इस उपलब्धि में संस्थान की फैकल्टी मेंटर श्रीमती अंजलि नायर का विशेष मार्गदर्शन एवं प्रेरणा अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार, निदेशक प्रो. (डॉ.) योग राज सिंह, प्राचार्य डॉ. एस.एस. कुश्वाहा सहित समस्त फैकल्टी सदस्यों ने छात्रों को इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह उपलब्धि न केवल छात्रों के लिए बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है और यह श्रीराम संस्थान, काशीपुर में दी जा रही गुणवत्ता-आधारित प्रबंधन शिक्षा का सशक्त प्रमाण है।
