लोक कलाकारों के नुक्कड़ नाटकों से काशीपुर में स्वच्छता की अलख, हर वार्ड में बढ़ रही जागरूकता

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम काशीपुर के सहयोग से लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे नुक्कड़ नाटक लगातार तीसरे व चौथे दिन भी नगर के विभिन्न वार्डों में आयोजित किए गए। इन नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन को सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिसका लोगों पर सकारात्मक प्रभाव साफ नजर आ रहा है।

नुक्कड़ नाटक मंडली के कलाकार नगर के एक-एक वार्ड में पहुंचकर वायु प्रदूषण से बचाव, सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग रखने, पॉलीथिन व प्लास्टिक का प्रयोग न करने, कूड़ा केवल कूड़ा गाड़ी में ही डालने तथा शहर को स्वच्छ रखने का संदेश दे रहे हैं। कलाकारों द्वारा यह भी समझाया जा रहा है कि जब तक आम जनता नगर निगम के प्रयासों में सहयोग नहीं करेगी, तब तक काशीपुर को पूर्ण रूप से स्वच्छ बनाना संभव नहीं है।
नुक्कड़ नाटकों को देखने के लिए हर स्थान पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है और नागरिक उत्सुकता के साथ कलाकारों की बातों को सुन रहे हैं। अपने-अपने वार्डों में पार्षद भी इन आयोजनों को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।

दिन की शुरुआत में लोक कलाकारों की टीम वार्ड संख्या 4 में पार्षद सीमा सागर के क्षेत्र संघ कार्यालय वाली गली में पहुंची। इसके बाद वार्ड संख्या 5 में शंकरपुरी चौराहा, वार्ड संख्या 6 में होली चौक हिम्मतपुर, वार्ड संख्या 7 में हरप्रताप नगर बहल्ला नदी पुलिया के पास, तथा वार्ड संख्या 8 में पशु क्लिनिक खड़कपुर के समीप नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में पार्षद सीमा सागर, कदीर अहमद, सतीश कुमार, अनूप सिंह, कुलदीप शर्मा, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, स्वास्थ्य एवं सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, महापौर प्रतिनिधि चौ. समरपाल सिंह सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या 9 खड़कपुर देवीपुरा, वार्ड संख्या 10 साप्ताहिक बाजार, वार्ड संख्या 15 सुभाष नगर, वार्ड संख्या 16 डॉक्टर बी.सी. जोशी के सामने तथा वार्ड संख्या 17 पंडित दीनदयाल पार्क आवास विकास में भी नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया, जहां संबंधित वार्डों के पार्षदों ने जनता के साथ सहभागिता की।
नुक्कड़ नाटकों की प्रभावशाली प्रस्तुति की नागरिकों ने जमकर सराहना की। समाचार लिखे जाने तक नगर के विभिन्न वार्डों में लोक कलाकारों द्वारा स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!