
@नवल खबर ब्यूरो
देहरादून। सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और मृतक के परिजनों द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर SIT ने उधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सहित तीन उपनिरीक्षक और एक अपर उपनिरीक्षक को पूछताछ एवं बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
मामले में मृतक के साथ कथित भूमि धोखाधड़ी के आरोपों की भी गहन जांच की जा रही है। इसके तहत रजिस्ट्रार कार्यालय, तहसील कार्यालय और संबंधित बैंकिंग लेन-देन से जुड़े अभिलेख जुटाए जा रहे हैं। SIT ने विभिन्न बैंकों को नोटिस भेजकर लेन-देन संबंधी रिकॉर्ड तलब किए हैं, जिनकी जांच कर दस्तावेजों की सत्यता परखी जाएगी।

SIT के सदस्य एवं पुलिस अधीक्षक चंपावत अजय गणपति ने बताया कि घटनाक्रम से जुड़े सभी अभिलेखों को कब्जे में लेकर उनका सूक्ष्म परीक्षण किया जा रहा है। जांच टीम तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), CCTV फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तकनीकी इनपुट्स का लगातार विश्लेषण कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है तथा सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
