नुक्कड़ नाटक के जरिए काशीपुर में स्वच्छता का संदेश, महापौर ने दिलाई नागरिकों को स्वच्छता की शपथ

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर।नगर निगम काशीपुर द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दिल्ली से आई कलाकारों की टीम ने शहर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य बाजार स्थित नगर निगम कार्यालय के सामने नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और व्यापारियों ने भाग लिया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हास्य–व्यंग्यपूर्ण संवादों के जरिए स्वच्छता के महत्व को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में बताया गया कि कूड़ा चाहे कम हो या ज्यादा, उसे खुले में फेंकना या जलाना पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत हानिकारक है। कलाकारों ने लोगों को समझाया कि रसोई से निकलने वाला गीला कचरा हरे डस्टबिन में डालना चाहिए, जिससे खाद तैयार की जा सके, जबकि प्लास्टिक, कागज, कांच और अन्य सूखा कचरा नीले डस्टबिन में डालकर रिसाइक्लिंग के लिए देना जरूरी है।

नाटक के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को भी प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया। कलाकारों ने बताया कि पॉलिथीन और प्लास्टिक जलाने से गंभीर बीमारियां फैलती हैं और पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचता है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को अपनी आदत का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित महापौर दीपक बाली ने नागरिकों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना किसी भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना संभव नहीं है। महापौर ने लोगों से घरों और दुकानों में गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने की अपील की।

इसके पश्चात महापौर दीपक बाली ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। शपथ के दौरान नागरिकों ने अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखने, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण करने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और नगर निगम के स्वच्छता अभियानों में सहयोग करने का संकल्प लिया।
नुक्कड़ नाटक के समापन पर कलाकारों ने गीत के माध्यम से स्वच्छ और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में नगर निगम की ओर से अधिक से अधिक लोगों से “स्वच्छता साथी” बनकर इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया, ताकि काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सके।
इस अवसर पर सफाई निरीक्षक डॉ. मनोज बिष्ट ने भी नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम को सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!