गणतंत्र दिवस पर काशीपुर में साहित्यिक उत्सव, विनोद भगत की तीसरी पुस्तक ‘दरकते सपने’ का हुआ विमोचन

@नवल खबर ब्यूरो (26.01.2026)

काशीपुर।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर काशीपुर के नगर निगम सभागार में एक गरिमामय साहित्यिक आयोजन का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार विनोद भगत की तीसरी पुस्तक, कहानी संग्रह ‘दरकते सपने’ का विधिवत विमोचन किया गया। साहित्य और समाज के सरोकारों से जुड़े इस आयोजन में नगर के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं साहित्यप्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

पुस्तक का विमोचन महापौर दीपक बाली, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती चंद्रप्रभा तथा मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कहानी संग्रह ‘दरकते सपने’ में कुल 26 कहानियां संकलित हैं, जो समकालीन समाज की सच्चाइयों, आमजन के संघर्ष, टूटते सपनों और सामाजिक विसंगतियों को अत्यंत संवेदनशीलता और यथार्थपरक दृष्टि से प्रस्तुत करती हैं। लेखक ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज के उन अनकहे पहलुओं को उजागर किया है, जिन पर प्रायः चर्चा नहीं होती, लेकिन जो आम जीवन की गहरी सच्चाई हैं। यह कहानियां पाठकों को सोचने पर मजबूर करती हैं और समाज के भीतर चल रही हलचलों का सशक्त प्रतिबिंब प्रस्तुत करती हैं।
विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर दीपक बाली ने कहा कि साहित्य समाज को दिशा देने का कार्य करता है और विनोद भगत की यह कृति सामाजिक चेतना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ब्लॉक प्रमुख श्रीमती चंद्रप्रभा ने कहा कि ऐसे साहित्यिक प्रयास नई पीढ़ी को सोचने, समझने और संवेदनशील बनने की प्रेरणा देते हैं।

वहीं मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने लेखक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ा साहित्य आज के समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान साहित्यप्रेमियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने लेखक को उनकी तीसरी पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं दीं। ‘दरकते सपने’ केवल एक कहानी संग्रह नहीं, बल्कि समाज के भीतर छिपी पीड़ाओं, आशाओं और संघर्षों का सशक्त दस्तावेज है, जो पाठकों को लंबे समय तक सोचने पर विवश करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!