गणतंत्र दिवस पर महापौर दीपक बाली की मार्मिक अपील“यह शहर आपका है, इसे साफ-स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी”

काशीपुर।राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस नगर निगम काशीपुर प्रांगण में पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा एवं मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया गया।
नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से काशीपुर को साफ, स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का सशक्त संदेश दिया गया। कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर दीपक बाली ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए शहर के गणमान्य नागरिकों, आमजन एवं स्कूली बच्चों से मार्मिक अपील की। उन्होंने कहा—
“यह शहर आपका है, इसे साफ-स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। बिना जनसहभागिता के कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता। नगर निगम को सहयोग करें और काशीपुर को आदर्श शहर बनाएं।”
गणतंत्र दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध के शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों—नीरज गुप्ता, नरपत सिंह राजपूत, शोभित शर्मा एवं राजेंद्र सिंह के पुत्र को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

विशेष बात यह रही कि स्वयं राज्य आंदोलनकारी होने के कारण महापौर दीपक बाली को भी पूर्व मेयर श्रीमती उषा चौधरी, मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट एवं नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष शमशुद्दीन द्वारा शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा कार्यक्रम में समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कई गणमान्य व्यक्तियों—पूर्व मेयर श्रीमती उषा चौधरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शमशुद्दीन, रिटायर्ड पुलिस निरीक्षक विजय चौधरी सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
इसी समारोह में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार विनोद भगत की तीसरी पुस्तक ‘दरकते सपने’ का विमोचन भी महापौर दीपक बाली सहित मंचासीन अतिथियों द्वारा किया गया। पुस्तक में समकालीन समाज से जुड़े संवेदनशील और दिल को छू लेने वाले विषयों को प्रभावशाली कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान शहर को स्वच्छ रखने की शपथ से संबंधित एक शपथ बोर्ड भी लगाया गया, जिस पर उपस्थित लोगों से शपथ पढ़कर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम का सशक्त एवं प्रभावी संचालन कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सभी पार्षदों, सांसद प्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, भाजपा पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सैकड़ों नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने भारतीय संविधान पर प्रकाश डालते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। अंत में मिष्ठान वितरण किया गया तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!