नगर निगम पार्षद शरीफ सिद्दीकी का निधनखबर मिलते ही देहरादून से काशीपुर पहुंचे महापौर दीपक बाली, निगम में शोकावकाश

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। नगर निगम काशीपुर के वार्ड संख्या 25 से पार्षद शरीफ सिद्दीकी के आकस्मिक निधन से नगर निगम सहित पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर नगर निगम सभागार में महापौर दीपक बाली की उपस्थिति में शोक सभा आयोजित की गई, जहां सभी पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पार्षद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत नगर निगम में आज शोकावकाश घोषित कर दिया गया।

बताया गया कि मंगलवार को पार्षद शरीफ सिद्दीकी को अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उन्हें तत्काल केवीआर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई थी। सूचना मिलते ही महापौर दीपक बाली सहित कई पार्षद अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से मिलकर उनके बेहतर से बेहतर इलाज की व्यवस्था करने का आग्रह किया।
इलाज में किसी भी प्रकार की आर्थिक बाधा न आए, इसके लिए महापौर दीपक बाली ने उनका उपचार आयुष्मान योजना के अंतर्गत शुरू कराया। इसके बावजूद उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हो सका और उन्होंने आज तड़के लगभग 4 बजे अंतिम सांस ली।
निधन की सूचना मिलते ही नगर निगम के पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। देहरादून प्रवास पर गए महापौर दीपक बाली को जैसे ही पार्षद के निधन का समाचार मिला, वे तुरंत काशीपुर के लिए रवाना हो गए और सीधे नगर निगम पहुंचकर शोक सभा में शामिल हुए।

शोक सभा के दौरान महापौर दीपक बाली सहित सभी पार्षदों ने दिवंगत पार्षद के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शरीफ सिद्दीकी एक सीधे, सच्चे और मिलनसार व्यक्ति थे। उनके असमय निधन से नगर निगम ने एक अच्छा और कर्मठ साथी खो दिया है। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोक सभा में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल साह, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़, सफाई निरीक्षक मनोज बिष्ट, वित्त अधिकारी शिवेंद्र खनायत, जितेंद्र कुमार (जीते राजू), वासु, मेयर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह सहित पार्षद वैशाली गुप्ता, पुष्कर बिष्ट, अनीता कांबोज, सीमा सागर, दीपा पाठक, बीना नेगी, अब्दुल कादिर, राशिद फारुकी, सरफराज, सुरेश सैनी, शिवांश गोले, रवि प्रजापति, अंजना आर्य, प्रिंस बाली, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष कैलाश चंद प्रजापति (एडवोकेट) तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
दिवंगत पार्षद शरीफ सिद्दीकी का आज दोपहर 2:30 बजे दफन किया जाना है। उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!