आरओबी पर हाईट बैरियर के विरोध में स्टेशन रोड के व्यापारियों का हंगामा, महापौर ने 4 फरवरी तक कार्य रुकवाया

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर।स्टेशन रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर हाईट बैरियर लगाए जाने के विरोध में बुधवार को स्थानीय व्यापारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर महापौर दीपक बाली को मौके पर बुलाया और हाईट बैरियर से होने वाली परेशानियों से अवगत कराया।
व्यापारियों का कहना है कि आरओबी के आसपास सर्विस रोड अत्यंत संकरी है, जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही संभव नहीं हो पाती। इस कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं जगह की कमी के चलते ग्राहक भी दुकानों तक नहीं पहुंच पाते। कई बार सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर पुलिस द्वारा चालान किए जाने से ग्राहक खरीदारी से बचते हैं, जिससे व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

व्यापारियों ने सवाल उठाया कि यदि पुल पर बड़े वाहनों का संचालन ही नहीं होना है, तो आरओबी निर्माण का औचित्य क्या है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि केवल डंपरों के आरओबी पर चलने पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए, क्योंकि अधिकांश गंभीर दुर्घटनाओं के लिए वही जिम्मेदार हैं।

उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रभात साहनी के नेतृत्व में एकत्रित व्यापारियों ने महापौर दीपक बाली को अपनी व्यथा सुनाई। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अभियंता से संपर्क न हो पाने पर महापौर ने हाईट बैरियर लगाने का कार्य कर रहे ठेकेदार जितेंद्र कुमार शर्मा से मोबाइल पर बात की और उन्हें 4 फरवरी तक कार्य स्थगित रखने के निर्देश दिए। साथ ही आश्वासन दिया कि इसके बाद सभी संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक कर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में जतिन नरूला, विजय कुमार, विजय सिंह सोलंकी, विशाल गुप्ता, आसिफ, इशान खान, सुप्रीत चड्ढा, इंद्र मोहन अग्रवाल, जगजीत सिंह सहित दर्जनों व्यापारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!