महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री धामी से की शिष्टाचार भेंट, वैवाहिक वर्षगांठ की दी शुभकामनाएं, किसानों के हित में सौंपा जल संरक्षण आधारित ग्रीष्मकालीन धान खेती का मांग पत्र

@नवल खबर ब्यूरो

देहरादून। नगर निगम काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें उनकी वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महापौर ने काशीपुर क्षेत्र के किसानों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मांग पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा।
महापौर दीपक बाली ने बताया कि यह मांग पत्र हाल ही में किसानों के समर्थन में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत समिति के सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री के नाम उन्हें सौंपा गया था। मांग पत्र के माध्यम से काशीपुर क्षेत्र में जल संरक्षण आधारित ग्रीष्मकालीन धान की खेती की सशर्त अनुमति दिए जाने की मांग की गई है।
महापौर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि ग्रीष्मकालीन धान पारंपरिक धान की तुलना में कम अवधि में तैयार होता है तथा इसमें जल की खपत भी अपेक्षाकृत कम होती है। इससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि संभव है। उन्होंने कहा कि कृषि विशेषज्ञों के अनुसार आधुनिक एवं वैकल्पिक सिंचाई पद्धतियों के उपयोग से ग्रीष्मकालीन धान की खेती करने पर भूजल का अत्यधिक दोहन नहीं होता, जो राज्य सरकार की जल संरक्षण नीति के अनुरूप है।

महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए 31 मार्च 2026 तक जल संरक्षण आधारित ग्रीष्मकालीन धान की खेती के लिए सशर्त स्वीकृति प्रदान की जाए तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
इस दौरान काशीपुर नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में भी मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा की गई और उन्हें वर्तमान स्थितियों से अवगत कराया गया। साथ ही मुख्यमंत्री से काशीपुर आगमन का भी विनम्र निवेदन किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महापौर की बातों को गंभीरता से सुना और किसानों के हित से जुड़े इस विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रधान संघ के अध्यक्ष जसपाल सिंह जस्सी एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जगजीत सिंह हैप्पी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!