
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। देश के रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा संसद भवन के बाहर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आज काशीपुर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध जताया और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की।
महाराणा प्रताप चौक पर भाजपा महानगर मंडल अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह मानस के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान राहुल गांधी का पुतला दहन कर उनके बयान के प्रति आक्रोश व्यक्त किया गया।

प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा महानगर मंडल अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह मानस ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा संसद भवन के बाहर केंद्रीय रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार’ कहना न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भी खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राहुल गांधी और कांग्रेस की इस सोच का कड़ा विरोध करती है।

मानस ने स्पष्ट कहा कि जब-जब राहुल गांधी और कांग्रेस इस तरह की भाषा और कृत्य करेंगे, तब-तब भाजपा सड़कों पर उतरकर उनके खिलाफ आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग भी की।

पुतला दहन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए और अपना विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, महानगर मंडल अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह मानस, उपाध्यक्ष श्याम मोहन, महामंत्री वैभव गुप्ता, कोषाध्यक्ष धीरज वर्मा, महानगर मंडल मीडिया प्रभारी भागीरथ शर्मा सहित दीपक अग्रवाल बंटी, आरेन्द्र सिंह, अनीता कांबोज, वैशाली गुप्ता, रजनी ठाकुर, वरिष्ठ समाज सेविका गीता रावत, अनिल यादव, राजकुमार यादव, अभिनव राजपूत, रेखा सक्सेना, करन भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
