
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। नगर निगम काशीपुर के महापौर के रूप में एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने बीते एक वर्ष की उपलब्धियों का विस्तार से लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन, सहयोग और आशीर्वाद से काशीपुर नगर निगम ने सेवा, विकास और विश्वास के मंत्र के साथ शहर के विकास की नई इबारत लिखी है।
महापौर ने बताया कि 7 फरवरी 2025 से 7 फरवरी 2026 के बीच नगर निगम द्वारा 792 सड़कों का निर्माण कराया गया, जबकि 121 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य पूरे किए गए। साथ ही कई बड़ी परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि काशीपुर जिस तेजी से विकास की पटरी पर दौड़ रहा है, उसका पूरा श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी सोच को जाता है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 1139 पात्र परिवारों को आवास का लाभ दिया गया, जबकि पीएमएवाई शहरी 2.0 में आवेदनों की संख्या में 78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यापारियों को ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया।

नागरिक सुविधाओं की चर्चा करते हुए महापौर ने बताया कि शहर में हाई-टेक शौचालय, पिंक टॉयलेट, 5000 नई स्ट्रीट लाइटें, तीन नए बस स्टॉप, तथा संपत्ति दाखिल-खारिज शुल्क में राहत जैसे जनहितकारी फैसले लिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत नगर निगम द्वारा संचालित पांच आरोग्य केंद्रों से अब तक करीब 3700 नागरिकों को चिकित्सा परामर्श और दवाइयों की सुविधा दी गई है। वहीं एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के माध्यम से 1612 निराश्रित कुत्तों का उपचार व टीकाकरण किया गया।स्वच्छता को लेकर महापौर ने कहा कि घर-घर कचरा संग्रह, गीला-सूखा डस्टबिन वितरण, 40 हजार मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण और दोनों सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पूर्ण संचालन से शहर की स्वच्छता और पर्यावरण में बड़ा सुधार हुआ है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए AI आधारित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, GPS और RFID तकनीक भी लागू की गई है।

उन्होंने गर्व के साथ बताया कि काशीपुर अब पांडिचेरी के बाद देश का दूसरा शहर बन गया है, जहां रात तीन बजे तक सफाई कार्य किया जाता है।आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए महापौर ने बताया कि आठ चौराहों का सौंदर्यीकरण, हाई-टेक मार्केट, नगर निगम कॉम्प्लेक्स, वेंडिंग जोन, डॉग शेल्टर, गिरिताल झील परियोजना, ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन और शहरी हरित क्षेत्रों के विकास जैसे कई महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। सीएसआर के माध्यम से एक करोड़ रुपये से अधिक की भागीदारी से इन योजनाओं को मजबूती मिली है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल और विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने नगर निगम की उपलब्धियों की सराहना करते हुए महापौर दीपक बाली और निगम की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। नगर निगम कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा ने भी एक वर्ष की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन अनिरुद्ध गौड ने किया। महापौर ने संबोधन से पूर्व वार्ड 25 के दिवंगत पार्षद शरीफ सिद्दीकी को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा। इस अवसर पर पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और व्यापारियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। कार्यक्रम में पहाड़ से आए सुनील कुमार द्वारा महापौर के विकास कार्यों पर प्रस्तुत गीत ने खूब तालियां बटोरीं।
