ओवरलोड वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, मानपुर रोड स्टेडियम के पास सीपीयू का सघन चेकिंग अभियान

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर।शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत निकट मानपुर रोड स्टेडियम, पद्मावती कॉलोनी के समीप पुलिस एवं सीपीयू (कम्युनिटी पुलिस यूनिट) द्वारा संयुक्त रूप से कड़ाई से वाहन चेकिंग की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान ओवरलोड, बिना वैध दस्तावेज, नियमों की अनदेखी कर चल रहे वाहनों को रोककर उनकी गहन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के चालान काटे गए, वहीं कुछ वाहनों को चेतावनी देकर छोड़ा गया। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोड वाहन न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का भी बड़ा कारण बनते हैं। ऐसे वाहनों पर कार्रवाई का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
चेकिंग अभियान के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की सतर्कता से यातायात सुचारु रूप से नियंत्रित रहा। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अभियानों से सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और नियमों का पालन बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!