काशीपुर : राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर प्रारंभ

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। चन्द्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि एस.आई. जितेंद्र उप्रेती (काशीपुर) एवं महाविद्यालय की प्राचार्या दीपिका गुड़िया आत्रेय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने स्वागत गीत के साथ कुमाऊनी, हरियाणवी एवं गढ़वाली लोकनृत्य तथा लक्ष्य गीत प्रस्तुत कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

मुख्य अतिथि एस.आई. जितेंद्र उप्रेती ने अपने संबोधन में साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए छात्राओं को व्हाट्सएप और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग और साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जागरूक किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना सिंह एवं डॉ. गीता मेहरा ने शिविर के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिविर में नशा उन्मूलन, सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम जागरूकता, पॉलीथिन उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण तथा आर्ट ऑफ लिविंग जैसे विषयों पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं मुख्य अतिथि डॉ. कीर्ति पंत ने छात्राओं को समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएसएस शिविर व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। इससे विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है और उनके व्यक्तित्व में सकारात्मक परिवर्तन आता है।
इस अवसर पर एसो. प्रोफेसर डॉ. रमा अरोरा, असि. प्रो. डॉ. दीपा चनियाल, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. ज्योति गोयल, डॉ. रजना, श्रीमती शीतल अरोरा, श्रीमती प्राची धौलाखण्डी, डॉ. मंगला, डॉ. पुष्पा धामा, श्रीमती कृति टंडन, कु. सृष्टि सिंह सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!