सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाई गई मुंशी हरि प्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महानगर इकाई ने प्रसिद्ध समाज सुधारक एवं पर्वतीय अंबेडकर के नाम से विख्यात मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि को “सामाजिक न्याय दिवस” के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया। कार्यक्रम महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मोहल्ला काज़ीबाग दलित बस्ती स्थित जाटव धर्मशाला में एकत्रित हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुंशी हरिप्रसाद टम्टा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान पर केंद्रित गोष्ठी का आयोजन किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि मुंशी हरिप्रसाद टम्टा ने जीवन भर शिल्पकार समुदाय के लिए मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा, सामाजिक न्याय और दलित-पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने शोषित समाज को “शिल्पकार” नाम से पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई और उनके प्रयासों से ब्रिटिश काल में दलित समाज को सेना में प्रतिनिधित्व प्राप्त हुआ।

पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन ने कहा कि दलित और वंचित वर्गों के उत्थान हेतु उनके योगदान के कारण ही उन्हें “पर्वतीय अंबेडकर” की उपाधि मिली।
गोष्ठी का संचालन दलित नेता सुरेंद्र सागर ने किया। कार्यक्रम में अलका पाल, मुशर्रफ हुसैन, पार्षद शाह आलम, पार्षद हनीफ गुड्डू, पीसीसी सचिव जितेंद्र सरस्वती, एडवोकेट नौशाद उस्मानी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!