
@नवल ख़बर ब्यूरो
काशीपुर।सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मामले में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने त्वरित और सख़्त कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया है। यह वीडियो 24 दिसंबर 2025 को इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था, जिसमें काशीपुर क्षेत्र के कुछ युवकों द्वारा कश्मीर निवासी युवक बिलाल के साथ अभद्रता और दुर्व्यवहार किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह घटना 22 दिसंबर 2025 की है, जबकि इसका वीडियो 24 दिसंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ। पीड़ित युवक बिलाल लंबे समय से उत्तराखंड में निवास कर रहे हैं। वीडियो के सामने आते ही मामला तेजी से चर्चा में आ गया।

एसएसपी ने लिया तत्काल संज्ञान, वीडियो हटवाया गया
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। वीडियो की संभावित साम्प्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस द्वारा संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटवाने की त्वरित कार्रवाई की गई, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
25 दिसंबर 2025 को पीड़ित युवक बिलाल कोतवाली काशीपुर पहुंचे और घटना के संबंध में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली काशीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 517/25 दर्ज किया गया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा
191(2), 115(2), 351(3), 352, 304, 62, 292 एवं 126(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
आरोपी युवकों की पहचान कर हिरासत में लिया
पुलिस ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। मामले की निष्पक्ष और गहन विवेचना की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऊधमसिंहनगर पुलिस शांति, सुरक्षा और भाईचारे को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और भड़काऊ या असत्य सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक सामग्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
