
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर स्थानीय डॉक्टर लाइन स्थित गौड़ सभा में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं एआईसीसी सदस्य अनुपम शर्मा ने कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस का गौरवशाली इतिहास त्याग और बलिदान से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जहां सत्ता के लिए भागदौड़ और संघर्ष है, वहीं कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखते हुए त्याग की परंपरा को जीवित रखा है।

महानगर अध्यक्ष अलका पाल ने अपने संबोधन में कहा कि 28 दिसंबर 1885 को ए. ओ. ह्यूम द्वारा कांग्रेस की स्थापना की गई थी, जिसके प्रथम अध्यक्ष ब्योमकेश चंद्र बनर्जी बने। तब से लेकर आज तक कांग्रेस ने देश के सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और देश को नई दिशा देने का कार्य किया है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कार्यकर्ताओं ने ए. ओ. ह्यूम सहित कांग्रेस के दिवंगत महान नेताओं के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। गोष्ठी के दौरान कांग्रेस के इतिहास, संगठन की मजबूती और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर कांग्रेस स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से —
अलका पाल, अनुपम शर्मा, मुशर्रफ हुसैन, सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।
