
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। किसानों के हितों को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि किसानों के धान का भुगतान न होना बेहद चिंताजनक है। महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलका पाल ने साफ कहा कि कांग्रेस किसानों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी और यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।

अलका पाल ने कहा कि किसान कड़ाके की ठंड में सहकारी समिति के गेट पर खुले आसमान के नीचे धरना देने को मजबूर हैं। हजारों कुंतल धान सरकार खरीद चुकी है, लेकिन उसे सरकारी पोर्टल पर अपलोड न किए जाने से किसानों को भुगतान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पोर्टल ही संचालित नहीं कर रही, ऐसे में नए साल में किसानों को भुगतान कैसे मिलेगा, यह बड़ा सवाल है।

कांग्रेस नेत्री ने कहा कि किसान आज अपनी गेहूं की बुवाई तक कर्ज लेकर कर रहे हैं। बीज, खाद, डीजल तक उधारी में लेना पड़ रहा है, जबकि उनका अपना ही पैसा सरकार के पास अटका हुआ है। 31 दिसंबर धान खरीद व पोर्टल एंट्री की अंतिम तिथि है और भुगतान कब होगा, इसको लेकर किसान असमंजस में हैं।
अलका पाल ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि भुगतान रुकने से किसानों के घर का खर्च, बच्चों की पढ़ाई, बीमार लोगों का इलाज और कर्ज चुकाने जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से तत्काल धान का भुगतान जारी करने की मांग की और कहा कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी जारी रही तो कांग्रेस मजबूरन आंदोलन करेगी।
