
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। सिख धर्म के दसवें गुरु, दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश पर्व काशीपुर सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर काशीपुर के मोहल्ला पक्काकोट स्थित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब से एक भव्य और विशाल नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
नगर कीर्तन की शुरुआत गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब से हुई, जो मंशा देवी चौक, किला मोहल्ला, मुख्य बाजार, कोतवाली रोड, महाराणा प्रताप चौक, चीमा चौराहा, सरकारी अस्पताल के समीप की सड़क, उदयराज फील्ड के सामने, नागनाथ मंदिर होते हुए पुनः गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन में गुरु के पंच प्यारे, पाकिस्तान स्थित श्री गुरु नानक देव जी के जन्मस्थान की झांकी, गतका पार्टी, भांगड़ा पार्टी और युवा टोली द्वारा प्रस्तुत हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे।

प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब को दुल्हन की तरह सजाया गया था। सुबह से ही नगर कीर्तन की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। प्रातः 10 बजे बाबा सुरेंद्र सिंह (कार सेवा वाले) की अगुवाई में नगर कीर्तन विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ।
नगर कीर्तन में भांगड़ा प्रस्तुत करते कलाकार, साहसिक करतब दिखाते जांबाज़ युवा, पंच प्यारे, पंजाबी विरसा को दर्शाती स्कूली छात्राएं, पीटी और गुरबाणी प्रस्तुत करते स्कूली बच्चे, पर्यावरण संरक्षण की झांकी, एनसीसी बैंड और आजादी का अमृत महोत्सव की झांकी लोगों को विशेष रूप से आकर्षित करती नजर आईं।

नगर कीर्तन में श्री गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री गुरु नानक इंटर कॉलेज, पंथ रतन बाबा हरबंस सिंह एकेडमी सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तत्वावधान में संचालित आधा दर्जन से अधिक विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। शहर भर में तोरण द्वार लगाए गए और पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान पूरा शहर गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के जयकारों और गुरुवाणी की गूंज से भक्तिमय हो गया।
नगर कीर्तन में शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
