काशीपुर :महापौर दीपक बाली ने नगर निगम की सालाना कार्ययोजना का किया लोकार्पण, इंदौर – भोपाल की तर्ज पर स्वच्छ और सुंदर बनेगा “काशीपुर”


@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर।नगर निगम काशीपुर अब शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के अपने संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। महापौर दीपक बाली ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब काशीपुर भी इंदौर और भोपाल की तरह देश के स्वच्छ और सुंदर शहरों में शामिल होगा। इसके लिए नगर निगम काशीपुर देवतुल्य जनता के साथ मिलकर कोई कसर नहीं छोड़ेगा और स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में काशीपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने हेतु पूरे वर्ष की कार्ययोजना का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा प्रकाशित स्वच्छता जागरूकता कैलेंडर का भी विमोचन किया गया। यह कैलेंडर नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाएगा, जिसमें पार्षदों की अहम भूमिका रहेगी।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे अभियानों से प्रेरणा लेते हुए काशीपुर के हर नागरिक को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा। लोगों को “स्वच्छता साथी” बनाकर शहर में फैली गंदगी को स्थायी रूप से समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा स्वच्छता के लिए दिए जा रहे धन का एक-एक पैसा शहर की साफ-सफाई और सुंदरता पर खर्च किया जाएगा।

दीपक बाली ने बताया कि जिन शहरों को स्वच्छता में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिलते हैं, वहां की जनता नगर निगम का भरपूर सहयोग करती है। काशीपुर में भी जनसहभागिता को लगातार मजबूत किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में काशीपुर की सड़कों पर कहीं भी कूड़ा नजर नहीं आएगा।
महापौर ने पार्षद अरशी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने वार्ड में सभी कूड़ा प्वाइंट समाप्त कर दिए हैं। यदि सभी पार्षद इसी तरह कार्य करें तो पूरा शहर स्वच्छ बन सकता है। उन्होंने घोषणा की कि जिन वार्डों में स्वच्छता की स्थिति उत्कृष्ट होगी, वहां नगर निगम द्वारा एक करोड़ रुपये तक के अतिरिक्त विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल फोटो खिंचवाना उद्देश्य नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों को ज़मीन पर काम करते हुए दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने जानकारी दी कि कूड़ा प्रबंधन केंद्र लगभग तैयार है और अगले चार से पांच माह में काशीपुर की कूड़े की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। इस केंद्र को इतना आकर्षक बनाया जा रहा है कि स्कूली बच्चे भी वहां भ्रमण कर सकेंगे। इसके अलावा कुत्ता आश्रय केंद्र के लिए भी भूमि का चयन कर लिया गया है। स्वच्छता अभियान में बेहतर सहयोग करने वाले स्वच्छता मित्रों को नगर निगम समय-समय पर सम्मानित करेगा।
इस अवसर पर नगर निगम की IEC (Information, Education & Communication) टीम की भाव्या पांडे द्वारा विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुति में जन-जागरूकता हेतु लघु एनिमेटेड फिल्मों, कॉमिक्स, इलेक्ट्रॉनिक कियोस्क, नुक्कड़ नाटक, कैलेंडर आधारित अभियान, नागरिक रैलियों, स्वच्छता साथी प्रशिक्षण, स्कूल एवं महाविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं तथा ICCC (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता और नगर निगम की योजनाओं के प्रति जागरूक कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता राम मल्होत्रा, ईश्वर चंद्र गुप्ता, श्रीमती मुक्ता सिंह, सांसद प्रतिनिधि एवं पार्षद विजय बोबी, अर्बन बैंक अध्यक्ष बोकी टंडन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोहन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नगर निगम काशीपुर ने संकल्प लिया कि आधुनिक और प्रभावी संचार माध्यमों के जरिए शहर को स्वच्छ, सुंदर और जागरूक बनाकर एक आदर्श नगर के रूप में स्थापित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!