रामनगर में युवक की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

@नवल खबर ब्यूरो

रामनगर से इस वक्त बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। गुरुवार की सुबह रामनगर में एक 18 वर्षीय युवक की अज्ञात लोगों द्वारा पत्थर से सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

गुरुवार की सुबह मोहल्ला गूलरघट्टी के पास भगवान दास की चक्की के पीछे सिंचाई नहर के किनारे एक युवक का खून से लथपथ शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की कार्रवाई शुरू की गई।
मृतक की पहचान समीर उर्फ लक्की, उम्र करीब 18 वर्ष, निवासी आदर्श नगर कॉलोनी रामनगर के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक के बड़े भाई इमरान ने बताया कि समीर बुधवार शाम करीब 7 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। गुरुवार सुबह समीर का शव लहूलुहान अवस्था में बरामद हुआ।
परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं, मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य एकत्र करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!