काशीपुर को ‘काशी’ की तर्ज पर संवारने की तैयारी, फरवरी से दो प्रमुख चौराहों का सौंदर्यकरण शुरू

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी एवं विकासोन्मुखी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणा—काशीपुर को काशी की तरह सजाने—की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। इसी क्रम में अगले माह से शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यकरण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।

महापौर ने बताया कि प्रथम चरण में महाराणा प्रताप चौक तथा स्टेडियम तिराहे के समीप सिंह द्वार क्षेत्र का सौंदर्यकरण फरवरी माह से शुरू होगा। इन दोनों चौराहों पर क्रमशः लगभग 8 करोड़ और 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि जिन नामों पर चौराहे होंगे, उनके सौंदर्यकरण में उसी के अनुरूप ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक अनुभूति भी दिखाई देगी।
चौराहों के सौंदर्यकरण को लेकर आज नगर निगम सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, आर्किटेक्ट मनोज जोशी, तथा एनएच, पीडब्ल्यूडी, एआरटीओ, जल निगम एवं जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तावित सौंदर्यकरण कार्यों की प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की गई और आपसी समन्वय के साथ कार्यों को शीघ्र पूरा करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन ने बताया कि काशीपुर के घोषित सभी सात चौराहों का सौंदर्यकरण किया जाएगा, जिसमें लगभग एक वर्ष का समय लगेगा तथा कुल अनुमानित लागत करीब 30 करोड़ रुपये होगी। फरवरी में शुरू होने वाले दोनों प्रमुख चौराहों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, आकर्षक एवं जनहितकारी स्वरूप में विकसित किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह सौंदर्यकरण काशीपुर की पहचान को नई ऊंचाई देगा और शहरवासियों को बेहतर सुविधाओं के साथ एक भव्य अनुभव प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!