पीएम स्वनिधि योजना के तहत काशीपुर में 76 स्ट्रीट वेंडरों को ऋण व क्रेडिट कार्ड वितरित

@नवल खबर ब्यूरो

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत देशभर के स्ट्रीट वेंडरों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जनवरी 2026 को केरल के तिरुवनंतपुरम से एक लाख से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को ऋण एवं क्रेडिट कार्ड वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम के जरिए नगर निगम काशीपुर को भी जोड़ा गया।

काशीपुर नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम महापौर दीपक बाली की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ, जिसमें नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 145 स्ट्रीट वेंडरों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से विभिन्न बैंकों के माध्यम से कुल 76 स्ट्रीट वेंडरों को ऋण वितरण का लाभ प्रदान किया गया।

ऋण वितरण के तहत पहले चरण में 15 हजार रुपये की राशि के 34 वेंडरों, दूसरे चरण में 25 हजार रुपये के 24 वेंडरों तथा तीसरे चरण में 25 हजार रुपये के 18 वेंडरों को ऋण स्वीकृत किया गया।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली एवं नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने लाभार्थी स्ट्रीट वेंडरों को ऋण के चेक एवं क्रेडिट कार्ड प्रदान किए। कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, सिटी मिशन मैनेजर मोहम्मद जफर, विभिन्न सामुदायिक संगठनकर्ता, नगर निगम कार्यालय स्टाफ, ठेला-फड़ एसोसिएशन के पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को छोटे व्यापारियों एवं स्ट्रीट वेंडरों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल वेंडरों को व्यवसायिक स्थायित्व प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!