
@नवल खबर ब्यूरो
हल्द्वानी। शहर के मोटाहल्दू क्षेत्र में बीती रात एक एटीएम को तोड़कर चोरी का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बरेली रोड स्थित मोटाहल्दू में गायत्री भट्ट द्वारा हिताची पेमेंट सर्विस की फ्रेंचाइजी लेकर एटीएम का संचालन किया जा रहा है, जो उनकी दुकान के निकट गौला रोड रेलवे क्रॉसिंग गेट के पास स्थापित है।
प्रार्थी गायत्री भट्ट ने बताया कि 31 जनवरी 2026 की रात्रि में एक अज्ञात नकाबपोश व्यक्ति एटीएम के भीतर घुसा और मशीन को तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया। आरोपी ने एटीएम की स्क्रीन को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, हालांकि शटर लॉक होने के कारण वह एटीएम से नकदी नहीं निकाल सका और बड़ी चोरी होने से बच गई।

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 1 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे एटीएम संचालक मौके पर पहुंचे। एटीएम के भीतर तोड़फोड़ और स्क्रीन टूटी हुई देखकर उन्होंने तत्काल संबंधित थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की गतिविधियां कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
