
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत नगर निगम काशीपुर के 193 लाभार्थियों के खातों में माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्राप्त प्रथम किश्त की धनराशि आज नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर पांच लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से चेक भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर निगम काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा है कि देश का कोई भी नागरिक बिना छत के न रहे। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे केवल अपना ही घर न बनाएं, बल्कि अपने आसपास भी नजर रखें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

महापौर दीपक बाली ने कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों से सीधे संवाद करते हुए यह भी पूछा कि उनसे किसी प्रकार की अवैध धनराशि की मांग तो नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि शहर में कुछ लोग प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यदि कोई पीड़ित व्यक्ति उनके संज्ञान में आता है तो दोषियों को हर हाल में जेल भेजा जाएगा।

महापौर ने पीसीयू चेयरमैन राम मल्होत्रा से भी अनुरोध किया कि वे क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि योजना का लाभ वास्तव में पात्र लोगों तक ही पहुंचे।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि आज 193 लाभार्थियों को प्रथम किश्त, 2 लाभार्थियों को दूसरी किश्त, 18 लाभार्थियों को तृतीय किश्त तथा 31 लाभार्थियों को चतुर्थ एवं अंतिम किश्त की धनराशि कुल 66 लाख 40 हजार रुपये उनके खातों में प्रेषित की गई। अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत काशीपुर में कुल 26 करोड़ 59 लाख रुपये की धनराशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है।
पीसीयू चेयरमैन राम मल्होत्रा ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस योजना को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से देश के गरीब और जरूरतमंद लोगों को सम्मान के साथ पक्की छत मिल रही है।

कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि नगर निगम राहुल पैगिया, सांसद प्रतिनिधि विजय बॉबी, एसएनए शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, सिटी मिशन मैनेजर जफर, सीएलटीसी तनवीर आलम, संयुक्त प्रकोष्ठ संयोजक जिला काशीपुर मुकेश चावला, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अभिषेक गोयल, मंडल उपाध्यक्ष सतनाम सिंह, पार्षद अनीता कांबोज, शाह आलम, गुंजन प्रजापति, राशिद फारुकी, सादिक हुसैन, रवि प्रजापति, सरफराज, सीमा सागर, पुष्कर बिष्ट, बीना नेगी, अब्दुल कादिर सहित अनेक पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लाभार्थियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
