
@नवल खबर ब्यूरो (10.02.2026 )
काशीपुर।महापौर दीपक बाली ने आज रामलीला मैदान से शिव भक्त कांवरियों के लिए दो बसों को झंडी दिखाकर हरिद्वार के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। यात्रा मार्ग में रोशनी, सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी तथा कांवड़ मार्ग पर मांस आदि की दुकानों को बंद कराया जाएगा।

महापौर श्री बाली ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और विश्वास का पर्व है और शिव भक्तों की सेवा करना उनका सौभाग्य है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी महापौर दीपक बाली ने अपने निजी खर्च से कांवरियों के लिए दो बसों की व्यवस्था कर उन्हें हरिद्वार रवाना किया था।

आज हरिद्वार जाने के लिए बसें उपलब्ध न होने के कारण कांवरियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में महापौर द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई दो बसें मिलने से कांवरियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इन बसों की व्यवस्था में महापौर प्रतिनिधि समरपाल सिंह चौधरी पिछले कई दिनों से जुटे हुए थे। उन्होंने कुल 104 कांवरियों का पंजीकरण कर 52-52 सीटर दो बसों को हरिद्वार के लिए रवाना कराया। दोनों बसें पूरी तरह महापौर दीपक बाली द्वारा अपने खर्चे से शिव भक्तों की सेवा हेतु भेजी गईं।

इस अवसर पर भाजपा नेता ईश्वर चंद्र गुप्ता, भाजपा प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश चावला, राजीव अरोड़ा, बच्चू, जसवीर सिंह सैनी, प्रकाश नेगी, अवनीश चौहान, अभिताभ सक्सेना एडवोकेट सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी कांवरियों को जलपान कराया गया, फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया और विधिवत बसों में बैठाकर रवाना किया गया।
“बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा रामलीला मैदान गूंज उठा।
