
@नवल खबर ब्यूरो (11.02.2025)
काशीपुर। कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए महापौर दीपक बाली ने एक बार फिर सेवा भाव का परिचय दिया है। गत दिवस दो बसों को हरिद्वार के लिए रवाना करने के बाद आज उन्होंने अपनी ओर से एक और बस शिव भक्तों के लिए उपलब्ध कराई।
उल्लेखनीय है कि हरिद्वार जाने वाले कांवरियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसके चलते रोडवेज की बसें कम पड़ रही हैं। बीते दिन भी यही स्थिति रही, जब अनेक शिव भक्तों को बस नहीं मिल पाने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में महापौर दीपक बाली ने गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी पहल करते हुए अपनी ओर से दो बसों की व्यवस्था कराई थी, जिससे सैकड़ों कांवरियों को राहत मिली।

आज भी शिव भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए रामलीला मैदान से एक और बस हरिद्वार के लिए रवाना की गई। बस रवाना होने से पूर्व सभी शिव भक्तों को जलपान कराया गया और उनके सुरक्षित व सुखद यात्रा की कामना की गई।
इस अवसर पर भाजपा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मुकेश चावला, महापौर प्रतिनिधि चौधरी समरपाल सिंह, राजकुमार गुंबर, मनीष चावला, मनोज बाटला, श्वेता सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि शिव भक्तों की सेवा उनके लिए सर्वोपरि है और कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
