काशीपुर बदलेगा रूप: महापौर दीपक बाली की पहल पर दो प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण को हरी झंडी

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम की पहल अब जमीन पर उतरती दिख रही है। महापौर दीपक बाली द्वारा चुनाव के दौरान दी गई 12 गारंटियों पर तेजी से काम जारी है और इसी क्रम में शहर के दो प्रमुख चौराहों—महाराणा प्रताप चौक और स्टेडियम के पास स्थित ननकाना साहिब चौक—के सौंदर्यीकरण के लिए जिला विकास प्राधिकरण ने निविदा जारी कर दी है।
बताया जा रहा है कि सभी निर्माण संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मार्च माह में दोनों स्थानों पर कार्य शुरू होने की संभावना है। महापौर ने इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सहमति प्राप्त की थी।

महापौर दीपक बाली के अनुसार महाराणा प्रताप चौक का सौंदर्यीकरण दो चरणों में होगा। पहले चरण के लिए 4 करोड़ 96 लाख 44 हजार रुपये की निविदा जारी की गई है, जबकि दूसरे चरण में लाइटिंग व अन्य कार्यों के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की अलग निविदा जारी की जाएगी। वहीं ननकाना साहिब चौक का सौंदर्यीकरण 3 करोड़ 86 लाख 14 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शहर के शेष छह चौराहों के सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। महापौर ने जनता को भरोसा दिलाया कि काशीपुर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए दी गई सभी गारंटियां पूरी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग और जनता के समर्थन से शहर की सड़कों व बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाकर काशीपुर को एक सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!