काशीपुर में संघ शताब्दी वर्ष पर भव्य हिंदू सम्मेलन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

@नवल खबर ब्यूरो

काशीपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शहर के विभिन्न स्थानों पर भव्य हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही और पूरे दिन शहर का वातावरण धार्मिक एवं आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रमों की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सोलह श्रृंगार कर आहुति दी, जिससे आयोजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। महापौर दीपक बाली ने विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजन समाज की एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

सम्मेलन स्थलों पर विशाल पंडाल सजाए गए थे। मंच से संत-महात्माओं और वक्ताओं ने संस्कृति संरक्षण, धार्मिक जागरूकता और सामाजिक एकता पर विचार व्यक्त किए। भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

गोलू गार्डन में आयोजित कार्यक्रम के संयोजक सांसद प्रतिनिधि एवं पार्षद विजय बाबी रहे, जिसमें चामुंडा हिंदू जागरण समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती थे। यहां शहर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आवास विकास समेत कई स्थानों पर कलश यात्रा और सामूहिक हवन भी आयोजित किए गए। सभी कार्यक्रमों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए तथा अंत में प्रसाद वितरण के साथ आयोजन संपन्न हुए।
इन सम्मेलनों ने शहर में धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!