
@नवल खबर ब्यूरो
काशीपुर। समाजसेवा के लिए समर्पित लायंस क्लब काशीपुर ग्रेटर द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रामनगर रोड स्थित एलडी भट्ट उप जिला चिकित्सालय के नेत्र विभाग में दो दिवसीय निशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ किया गया।
शिविर का उद्घाटन प्रातः लगभग साढ़े दस बजे मेडिकल इंचार्ज डॉ. वरुण भारद्वाज एवं डॉ. अमरजीत साहनी ने क्लब पदाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी, जहां क्लब के सदस्यों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ व्यवस्थाएं संभालीं।

शिविर के दौरान लगाए गए संदेशों — “जीते जीते रक्तदान, जाते-जाते नेत्रदान” — ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। डॉ. गीतांजलि तिवारी की टीम की देखरेख में नेत्र परीक्षण किए गए, जिनमें आंखों की सामान्य जांच, काला मोतिया परीक्षण, झिल्लियों की सफाई और मोतियाबिंद ऑपरेशन की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है।

दोपहर तक सैकड़ों लोगों ने अपनी आंखों की जांच करवाई और दवाइयां प्राप्त कीं, जबकि कई लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। क्लब अध्यक्ष गौतम मेहरोत्रा, सचिव आशीष पैगिया और कोषाध्यक्ष विपिन तोमर ने बताया कि शिविर आगे भी जारी रहेगा तथा 25 फरवरी को मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए जाएंगे।
अध्यक्ष गौतम मेहरोत्रा ने बताया कि क्लब पिछले 36 वर्षों से लगातार नेत्र जांच शिविर आयोजित कर सेवा की मिसाल कायम कर रहा है। सर्वधर्म सद्भाव और मानव सेवा के उद्देश्य से क्लब न केवल नगर बल्कि बाहरी क्षेत्रों के लोगों को भी निशुल्क जांच और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराता रहा ।

इस अवसर पर गौतम मेहरोत्रा, आशीष पाहवा, विपिन तोमर, अभिषेक गोयल, विवेक पैगिया, भूपेश नरूला, अनुराग सोलंकी, जतिन गोयल, राजीव अग्रवाल, अपूर्व मेहरोत्रा, हिमांशु गर्ग, डॉ. रजत, डॉ. भारत, लॉ रूपेश, लॉ. मनीष गुप्ता, लॉ. अमित अग्रवाल, लॉ. धीरज, लॉ. मयंक गुप्ता, लॉ. अमित गर्ग, लॉ. संजय अग्रवाल, लॉ. मनोज अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
